17 Feb भारत-विस्तार (Bharat-VISTAAR) AI-आधारित कृषि सलाह प्लेटफॉर्म
मुख्य परीक्षा के सामान्य अध्ययन प्रश्न पत्र – 2 एवं 3
‘शासन व्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय संबंध एवं विज्ञान-प्रौद्योगिकी’ के अंतर्गत
चर्चा में क्यों ?
केंद्र सरकार ने कृषि क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित नई डिजिटल पहल भारत-VISTAAR (Virtually Integrated System to Access Agricultural Resources) का शुभारंभ किया है। इसकी घोषणा केंद्रीय वित्त मंत्री ने बजट 2026-27 में की थी और इसका शुभारंभ केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा किया गया। यह पहल कृषि क्षेत्र में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) के रूप में विकसित की जा रही है, जिसका उद्देश्य किसानों को उनकी मातृभाषा में एकीकृत, विश्वसनीय और व्यक्तिगत (personalised) सलाह उपलब्ध कराना है।

भारत-VISTAAR क्या है ?
1. भारत-VISTAAR एक AI-संचालित बहुभाषी डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो किसानों को फसल नियोजन, कीट प्रबंधन, मौसम पूर्वानुमान, मंडी भाव, बीमा एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करता है
2. केंद्र और राज्यों की योजनाओं को एक मंच पर समेकित करता है।
3. AgriStack तथा Indian Council of Agricultural Research (ICAR)के वैज्ञानिक पैकेज को AI प्रणाली से जोड़ता है।
4. पात्रता जाँच, आवेदन, लाभ की स्थिति तथा शिकायत निवारण की सुविधा देता है।
सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इस परियोजना हेतु ₹150 करोड़ का प्रावधान किया है।
इसकी आवश्यकता क्यों पड़ी ?
वर्तमान व्यवस्था में—
1.सरकारी योजनाओं की जानकारी अलग-अलग पोर्टलों पर बिखरी हुई है।
2.किसानों को पात्रता समझने और आवेदन करने में कठिनाई होती है।
3.लाभ की स्थिति जानने तथा शिकायत दर्ज करने के लिए अनेक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
4.मौसम, बीमा, मंडी दर, मृदा स्वास्थ्य जैसी सूचनाएँ एकीकृत रूप में उपलब्ध नहीं थीं।
5.बिचौलियों पर निर्भरता बनी रहती है।
अतः एक ऐसे मंच की आवश्यकता थी जहाँ किसान एक ही स्थान से समस्त आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें।
किसान इसे कैसे उपयोग कर सकते हैं ?
1.टेलीफोन सुविधा – किसान किसी भी मोबाइल या साधारण फोन से 155261 डायल कर ‘भारती’ नामक AI सहायक से बातचीत कर सकते हैं।
2.मोबाइल ऐप – गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध।
3.वेब पोर्टल – कृषि मंत्रालय की वेबसाइट तथा संबंधित कृषि ऐप्स से जुड़ा हुआ।
4.चैट आधारित संवाद – टेक्स्ट के माध्यम से प्रश्नोत्तर।
5.यह सेवा 24×7 उपलब्ध रहेगी।
प्रारंभ में उपलब्ध 10 प्रमुख केंद्रीय योजनाएँ
1. प्रधानमंत्री-KISAN
2. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY)
3. मृदा स्वास्थ्य कार्ड
4. संशोधित ब्याज अनुदान योजना
5. कृषि यंत्रीकरण उप-मिशन
6. पर ड्रॉप मोर क्रॉप
7. प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना
8. प्रधानमंत्री-अन्नदाता आय संरक्षण अभियान
9. कृषि अवसंरचना कोष
10. किसान क्रेडिट कार्ड
मई 2026 तक सभी केंद्रीय योजनाओं को एकीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है ।
भाषाई समर्थन
प्रारंभ में—
हिंदी एवं अंग्रेजी (चैट और वॉइस दोनों में)
आगामी चरणों में—
तमिल, बंगाली, असमिया, कन्नड़ सहित कुल 11 भाषाओं में विस्तार
# राज्य-विशिष्ट डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ एकीकरण –
# यह पहल भाषाई समावेशन को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
शासन एवं नीतिगत आयाम
1. डिजिटल कृषि शासन – AI आधारित निर्णय सहयोग।
2. पारदर्शिता – लाभ की स्थिति एवं शिकायत ट्रैकिंग।
3. जलवायु अनुकूल कृषि – मौसम आधारित सलाह।
4. डेटा सुरक्षा – कृषि डेटा की गोपनीयता का प्रश्न।
5. समावेशन – लघु एवं सीमांत किसानों तक पहुँच।
चुनौतियाँ
1. डेटा गोपनीयता एवं साइबर सुरक्षा
2. एल्गोरिदमिक पूर्वाग्रह (Bias)
3. डिजिटल साक्षरता की कमी
4. उच्च स्तरीय कम्प्यूटिंग अवसंरचना की आवश्यकता
5. राज्यों के साथ समन्वय
निष्कर्ष
भारत-VISTAAR कृषि क्षेत्र में केवल एक तकनीकी नवाचार नहीं, बल्कि शासन पद्धति में परिवर्तन का संकेत है। यह कृषि सूचना को बिखरी हुई प्रणाली से निकालकर एकीकृत, बहुभाषी और AI-आधारित स्वरूप प्रदान करता है। यदि इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया, तो यह किसानों की उत्पादकता, जोखिम प्रबंधन और आय स्थिरता में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। यह पहल कृषि क्षेत्र में डिजिटल लोकतंत्रीकरण की दिशा में एक महत्त्वपूर्ण कदम मानी जा सकती है।
प्रारंभिक परीक्षा हेतु अभ्यास प्रश्न
Q. भारत-VISTAAR के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिए :
1.यह एक AI-आधारित बहुभाषी कृषि सलाह मंच है।
2.यह केवल स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है।
3.यह AgriStack और ICAR की वैज्ञानिक जानकारी को एकीकृत करता है।
4. इसका उद्देश्य किसानों को योजनाओं की पात्रता एवं शिकायत निवारण की सुविधा प्रदान करना है।
उपरोक्त में से कौन-से कथन सही हैं?
(a) केवल 1 और 3
(b) केवल 1, 3 और 4
(c) केवल 2 और 4
(d) केवल 1, 2 और 3
उत्तर: (b)
मुख्य परीक्षा हेतु अभ्यास प्रश्न
Q. “कृषि क्षेत्र में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास सूचना असमानता को कम करने और समावेशी विकास को बढ़ावा देने का माध्यम बन सकता है।”
भारत-VISTAAR के संदर्भ में इस कथन की व्याख्या कीजिए। साथ ही, इसके क्रियान्वयन से जुड़ी चुनौतियों एवं संभावित प्रभावों पर चर्चा कीजिए। (15 अंक, 250 शब्द)

No Comments